Spread the love

जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों में एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया है। शनिवार तड़के राजौरी, पुंछ और जम्मू जिलों में भारी गोलाबारी और ड्रोन हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। इस हमले में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

राजौरी के अतिरिक्त उपायुक्त राजकुमार थापा अपने सरकारी आवास पर थे, जब वहां एक गोला आकर गिरा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दो अन्य स्टाफ मेंबर की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

 

राजौरी के एक औद्योगिक क्षेत्र के पास भी गोलाबारी में दो नागरिक – दो साल की आयशा नूर और 35 वर्षीय मोहम्मद शोहिब की जान चली गई।

 

पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में मोर्टार का गोला एक घर पर गिरा, जिसमें 55 वर्षीय रशीदा बी की मौत हो गई।

 

वहीं जम्मू जिले के आर. एस. पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की फायरिंग में अशोक कुमार उर्फ शौकी की मौत हो गई।

 

(मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का):

“एडीसी राजकुमार थापा की मौत से हमने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है। यह प्रशासनिक तंत्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”

 

पुंछ में भीषण गोलाबारी के चलते तीन और लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जम्मू शहर के रिहाड़ी और रूपनगर जैसे रिहायशी इलाकों में ड्रोन और गोले गिरने से दहशत का माहौल है।

 

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है और पश्चिमी सीमा पर हाई अलर्ट जारी है।

 

सीमा पार से जारी इस तरह की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। फिलहाल पूरे इलाके में सेना और सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *