रुद्रपुर से एक बड़े कारोबारी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें हैदराबाद की एक फर्म पर करीब 26 लाख 58 हजार रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित कारोबारी ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामला रुद्रपुर के किच्छा रोड बिगवाड़ा क्षेत्र का है। यहां स्थित मैसर्स रजा हेवी इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के मालिक आसिम रजा ने बताया कि उनकी फर्म औद्योगिक इलेक्ट्रिकल उपकरणों, ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग और इंस्टॉलेशन का कार्य करती है। इसी क्रम में उन्हें पुराने उपयोग के इलेक्ट्रिकल ट्रांसफार्मर, ट्रांसफार्मर ऑयल, एल्यूमिनियम केबल स्क्रैप, टरबाइन अल्टीनेटर, इलेक्ट्रिकल पैनल और मोटर की आवश्यकता थी।
आसिम रजा के अनुसार, इस सामान की आपूर्ति के लिए उन्होंने हैदराबाद तेलंगाना स्थित मैसर्स सूरज आयरन ट्रेडर्स के मालिक मोहम्मद शकील पाशा से संपर्क किया। दोनों के बीच 65 लाख रुपये में पूरा सामान भेजने का सौदा तय हुआ। शकील पाशा ने भरोसा दिलाया कि पूरी रकम मिलते ही संपूर्ण सामान भेज दिया जाएगा।
आरोप है कि पीड़ित कारोबारी ने बैंक ऑफ बड़ौदा से आरटीजीएस के जरिए 22 अप्रैल 2024 को 10 लाख, 15 मई 2024 को 15 लाख और 20 मई 2024 को 40 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कुल 65 लाख रुपये की रकम मिलने के बावजूद आरोपी ने पूरा सामान नहीं भेजा।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने केवल दो पुराने ट्रांसफार्मर, कुछ ट्रांसफार्मर ऑयल और एल्यूमिनियम केबल स्क्रैप ही भेजा, जिसका बिल मूल्य लगभग 38 लाख 41 हजार रुपये है। शेष 26 लाख 58 हजार 864 रुपये की रकम न तो वापस की गई और न ही उसका सामान भेजा गया।
आसिम रजा का कहना है कि जब उन्होंने शेष रकम या सामान की मांग की तो पहले टालमटोल की गई और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया गया। आरोप है कि दोबारा संपर्क करने पर आरोपी ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
पीड़ित ने पहले कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस की भूमिका और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



