जिले में भीषण सड़क हादसा: दीपावली से पहले ही बुझ गए चार घर के चिराग, मातम में बदला त्यौहार

Share the news

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया। नानकमत्ता क्षेत्र में नानकसागर डेम के पास ट्रैक्टर-ट्राली और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर उत्तराखंड में बिजली लाइन का कार्य कर रहे थे और दीपावली मनाने के लिए अपने घर संभल लौट रहे थे। तभी नानकसागर डेम से पहले मोड़ पर तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर ही पलट गई और उसमें सवार मजदूर नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल उपजिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने अखिलेश पुत्र अंतराम और जयवीर पुत्र श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल गुरमुख और शिशपाल को हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी राजेन्द्र पंत ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज खटीमा अस्पताल में चल रहा है।

उपजिला चिकित्सालय के डॉक्टर अकलीम अहमद के अनुसार, तीन घायलों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

1. गुरमुख (17 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र

2. शीशपाल (22 वर्ष) पुत्र महावीर

3. जयवीर (22 वर्ष) पुत्र श्यामलाल

4. अखिलेश पुत्र अंतराम

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दीपावली से पहले हुई इस त्रासदी ने मृतकों के परिवारों में मातम छा दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *