रुद्रपुर में आयोजित निवेश उत्सव 2025 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार के प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब भी उत्तराखंड आता हूं, एक नई ऊर्जा लेकर जाता हूं। यहां की नदियां आधे भारत को जीवनदायिनी जल उपलब्ध कराती हैं।
उन्होंने मंच से याद दिलाया कि 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कहा था कि एमओयू लाना नहीं, बल्कि उसे धरातल पर उतारना ही असल पराक्रम होता है। आज जब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है, तो यह मुख्यमंत्री धामी के परिश्रम का परिणाम है।
गृह मंत्री ने कहा कि एक पहाड़ी राज्य में इतना बड़ा निवेश लाना आसान नहीं होता, यह वास्तव में पहाड़ चढ़ने जैसा है। लेकिन सीएम धामी ने न केवल विपरीत परिस्थितियों को पार किया, बल्कि उन मिथकों को भी तोड़ा जो उत्तराखंड में बड़े निवेश को लेकर बनाए जाते थे। इस निवेश से अब तक 81 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
राजनीतिक हमला बोलते हुए अमित शाह ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने आंदोलनकारियों पर अत्याचार किए, जबकि भाजपा और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड सहित तीन नए राज्य बनाए। आज तीनों राज्य आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मनमोहन सिंह की सरकार ने उत्तराखंड को दस साल में 53 हजार करोड़ रुपये दिए थे, जबकि मोदी सरकार ने अपने दस साल में 1 लाख 86 हजार करोड़ की सहायता दी।
अमित शाह ने दावा किया कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा अच्छे कामों पर राजनीति करती है, लेकिन अब वो दिन दूर नहीं जब कांग्रेस पूरी तरह गायब हो जाएगी।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की और उन्हें हर मोर्चे पर सफल बताया।




