हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पूर्ति विभाग में बड़ा फेरबदल, विनोद चंद्र तिवारी को फिर मिली ऊधमसिंहनगर की कमान

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

हाईकोर्ट नैनीताल के आदेश के बाद प्रदेश सरकार ने जिला पूर्ति विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने रुद्रपुर में तैनात एआरओ विनोद चंद्र तिवारी को जिला पूर्ति अधिकारी (डीएफओ), ऊधमसिंहनगर का चार्ज सौंप दिया है। प्रमुख सचिव एल. फैनई द्वारा जारी संशोधित आदेश के बाद तिवारी ने आज विधिवत कार्यभार ग्रहण कर जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व शासन ने हरिद्वार से स्थानांतरित कर तेजबल सिंह को डीएफओ ऊधमसिंहनगर नियुक्त किया था। लेकिन उनका कार्यकाल बेहद कम समय का रहा। नियुक्ति आदेश के विरुद्ध नरेंद्र कुमार शर्मा द्वारा हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर किए जाने पर मामला न्यायालय की दहलीज तक पहुंच गया।

 

हाईकोर्ट द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में शासन ने तत्काल प्रभाव से अपने पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए तेजबल सिंह को ऊधमसिंहनगर से हटाकर प्रदेश मुख्यालय से अटैच कर दिया। इसके साथ ही पूर्व व्यवस्था बहाल करते हुए विनोद चंद्र तिवारी को जिले का पूर्ति अधिकारी पदभार संभालने के निर्देश जारी किए गए।

 

नए आदेश लागू होते ही पूर्ति विभाग में एक बार फिर चर्चा का माहौल है। विभागीय सूत्रों के अनुसार तिवारी पूर्व में भी इसी जनपद में जिम्मेदार पदों पर रहते हुए कार्य कर चुके हैं, जिसके चलते उनसे विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

शासन का यह कदम हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *