रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ नामांकन के दौरान हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस अब फरार आरोपितों पर शिकंजा कसने में जुट गई है। मामले में आठ आरोपित अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, जिनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने के लिए पुलिस ने न्यायालय में आवेदन दाखिल किया है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों — जस्सी कचूरा, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सेना उर्फ चाइना, दानिश, गगन रतनपुरिया, चेतन मांगड़, अमृत चीमा, विक्रम, जानी भाटिया, प्रिंस शर्मा, सतपाल लाहौरिया उर्फ पिंदर, हेमंत उर्फ नोनू मिश्रा, रवि रावत, आकाश यादव और आशीष यादव — के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से दानिश, गगन रतनपुरिया, सतपाल लाहौरिया सहित कुछ आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि शेष आठ आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।



