बुज़ुर्ग महिला के कपड़ों में लगी आग; दमकल की बड़ी गाड़ी रास्ते में खराब, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

Share the news

रुद्रपुर। शुक्रवार की दोपहर होली चौक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 65 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला के अचानक कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग कमरे तक फैल गई। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने बुज़ुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

 

इधर घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग से बड़ी गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में आवास विकास स्थित दशमेश मार्ग पर वाहन अचानक खराब हो गया। गाड़ी के बीच सड़क पर रुक जाने से मार्ग पर जाम लग गया और दमकलकर्मी काफी देर तक वाहन को स्टार्ट करने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः कर्मचारियों ने गाड़ी को धक्का देकर सड़क के किनारे लगाया और छोटी दमकल गाड़ी की मदद से घटना स्थल की ओर रवाना हुए।

 

हालांकि जब तक दमकल टीम वहां पहुंची, स्थानीय लोग आग पर पूरी तरह काबू पा चुके थे। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन दमकल की गाड़ी खराब होने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने विभाग की इस लापरवाही पर सवाल उठाए हैं, वहीं मौके पर कर्मी भी काफी देर तक असहाय नज़र आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *