कार्यकर्ताओं की राय से तय होंगे जिलाध्यक्ष- नरेश कुमार

Share the news

कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन अभियान चला रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत जिलों में पार्टी संरचना को नया स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर नरेश कुमार ने रुद्रपुर दौरे के दौरान सिटी क्लब में पत्रकारों से बातचीत की।

 

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य जिला कांग्रेस समितियों को सशक्त और सक्रिय बनाना है। इसके लिए जिला अध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से करने का प्रयास होगा। कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सांसद-विधानसभा प्रत्याशियों और अग्रिम संगठनों से चर्चा कर फीडबैक लिया जाएगा। जो भी नाम पर अधिक सहमति होगी, वह प्रस्ताव हाईकमान को भेजा जाएगा।

 

ऑब्जर्वर नरेश कुमार ने स्पष्ट किया कि यह केवल नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया नहीं है बल्कि संगठन के पुनर्गठन की व्यापक पहल है। जिला कांग्रेस समितियों की कार्यकारिणी समितियों का पुनर्गठन कर जिम्मेदारियाँ स्पष्ट की जाएंगी और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा के लिए जिला राजनीतिक मामलों की समितियाँ भी गठित होंगी।

 

उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा की भावना से जुड़ा है, जिसका उद्देश्य न्याय, समावेशन और धर्मनिरपेक्षता की विचारधारा को संगठनात्मक रूप देना है। साथ ही, सत्ता का विकेंद्रीकरण करते हुए SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक, महिला और युवाओं को नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना भी इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

पर्यवेक्षक ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले नागरिकों से अपील की कि वे सक्रिय भागीदारी कर ऐसे नेताओं को आगे लाएं जो कांग्रेस की विचारधारा को आत्मसात करते हों और साहस व दूरदृष्टि के साथ नेतृत्व कर सकें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर रिपोर्ट AICC को सौंपी जाएगी, ताकि संगठन का पुनर्गठन समय पर संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *