रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कैम्प कार्यालय में बैठक कर बताया कि जनपद में 16 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य शिविरों, विद्यालयों में प्रतियोगिताओं और स्वच्छता अभियान का आयोजन होगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 16 सितम्बर को जनपद मुख्यालय में नगर निगम द्वारा “स्वच्छोत्सव” कार्यक्रम आयोजित होगा। 17 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक जिले के सभी चिकित्सालयों में स्वास्थ्य जांच, साफ-सफाई और जनजागरूकता शिविर होंगे।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, पेंटिंग-निबंध प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 17 सितम्बर को ग्राम पंचायत, नगर निकाय और विकास खंड स्तर पर सामूहिक शपथ कार्यक्रम भी कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खटीमा में 17 सितम्बर को विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। पखवाड़े के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों के वीडियो और फोटो जिला मुख्यालय भेजे जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल, पीडी हिमांशु जोशी, एडीपीआरओ महेश कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।




