अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में साइबर ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग का भय दिखाकर एक नामी ट्रस्ट संचालिका को डिजिटल अरेस्ट कर करीब 1.20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। पीड़िता की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना सेल ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मिर्तोला आश्रम दनिया, अल्मोड़ा निवासी चित्रा अय्यर साह ने बताया कि 11 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 के बीच उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से लगातार व्हाट्सएप कॉल आए। कॉलर ने खुद को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि केनरा बैंक खाते से मनी लॉन्ड्रिंग हुई है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
इसके बाद कॉलर ने कथित पुलिस अधिकारियों से बात कराई और जांच में सहयोग न करने पर गिरफ्तारी की धमकी देते हुए महिला को डिजिटल अरेस्ट कर लिया। भयभीत महिला से गोपनीय बैंक व व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर 31 दिसंबर को 1.20 करोड़ रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। आश्वासन दिया गया कि जांच पूरी होने पर रकम वापस कर दी जाएगी।
कई दिनों तक संपर्क में रहने के बाद जब महिला ने परिचितों से बात की, तो ठगी का खुलासा हुआ। साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।



