रुद्रपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां अज्ञात साइबर अपराधियों ने खुद को क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति से एक लाख 38 हजार 957 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं रेंज, रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई है।
दरिया नगर, रुद्रपुर निवासी राजकुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड से इंश्योरेंस की राशि कट गई है और इसे ठीक कराने के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। पीड़ित ने पहले इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड से पैसे कटने के मैसेज आने लगे।
पीड़ित के अनुसार एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक और एस बैंक के चार क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग रकम की निकासी की गई। कुल मिलाकर साइबर ठगों ने चारों कार्डों से एक लाख 38 हजार 957 रुपये निकाल लिए। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक पूरा लेनदेन हो चुका था।
पीड़ित का आरोप है कि साइबर ठगों ने तकनीकी संसाधनों का दुरुपयोग कर उन्हें भ्रमित किया और मोबाइल पर आए मैसेज व ओटीपी के जरिए धोखाधड़ी को अंजाम दिया। मामले की सूचना मिलते ही साइबर क्राइम पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


