अल्मोड़ा में साइबर अपराधियों का कहर – ऐप, गिफ्ट, रिश्तेदारी और नौकरी के नाम पर ठगी

Share the news

अल्मोड़ा जिले में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को जाल में फंसाकर लाखों रुपये उड़ा दिए। बीते दिनों सामने आए छह मामलों में कुल 10 लाख से अधिक की रकम ठगों के खाते में चली गई। पुलिस ने सभी घटनाओं पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर के थपलिया में एक व्यक्ति को एसबीआई कर्मचारी बनकर ऐप डाउनलोड कराने के नाम पर 4.56 लाख रुपये की चपत लगी। वहीं सल्ट में एक महिला मित्र ने गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 3.48 लाख रुपये उड़ा लिए। दन्या में रिश्तेदार बताकर एक युवक से 45 हजार रुपये ठग लिए गए।

 

कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति को एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने का झांसा देकर 65 हजार रुपये गंवाने पड़े। इसी थाने में एक महिला से कार्ड ब्लॉक होने का डर दिखाकर ठग ने 53,993 रुपये निकाल लिए। वहीं द्वाराहाट में नौकरी का झांसा देकर युवक से 88 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई।

 

इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि साइबर अपराधी अब हर संभव बहाना बनाकर लोगों को लूट रहे हैं। कभी रिश्तेदारी, कभी गिफ्ट, कभी नौकरी, तो कभी बैंकिंग सेवाओं का डर दिखाकर ठगी का जाल बुना जा रहा है।

 

👉 अल्मोड़ा पुलिस ने सभी पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर दिए हैं और जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों को अपील की गई है कि वे अज्ञात कॉल, लिंक या ऑनलाइन ऑफर से सतर्क रहें, वरना उनकी मेहनत की कमाई ठगों के खाते में चली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *