भूतबंगला होली विवाद में क्रॉस मुकदमे दर्ज, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू, सरिया, पथराव और फायरिंग के आरोप लगाए, पुलिस ने शुरू की जांच।

Share the news

रुद्रपुर। भूतबंगला क्षेत्र में होली के दौरान हुए विवाद में मारपीट, पथराव और फायरिंग के आरोपों को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष की ओर से नदीम पुत्र स्व. सकील निवासी भूतबंगला ने चौकी रम्पुरा में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 5 मार्च की रात करीब 9:30 बजे उसके भाई मोसिन और जुबैर अपने मित्र फरमान के साथ कृष्णा चौक के पास घूम रहे थे। इसी दौरान दिनेश, अजय कोली और पिंटू पाल ने उन्हें घेर लिया और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तीनों के सिर पर चाकू से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी उनके घर तक पीछा करते हुए पहुंचे और ईंट-पत्थर फेंके। घायलों को पहले जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से अजय कोली पुत्र रामचंद्र कोली ने भी पुलिस को तहरीर दी है। अजय का आरोप है कि वह होली चौक से अपने घर जा रहा था, तभी नदीम, फरमान, जुबैर, गुलजार, साहिब और मोसिन ने उस पर लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अजय का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथियों पर भी हमला किया और घर तक पीछा करते हुए हवा में फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *