कारगिल विजय दिवस 2025 से ठीक एक दिन पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर सैनिकों को बड़ा सम्मान देते हुए एक ऐतिहासिक घोषणा की है। अब परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त अनुग्रह राशि को 50 लाख रुपए से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपए कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें हर वर्ष तीन लाख रुपए की वार्षिक अनुदान राशि भी मिलती रहेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने यह घोषणा अपने गृहक्षेत्र खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह के दौरान की। यह समारोह सीएम धामी के पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया था।
इस घोषणा के बाद सैनिक कल्याण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर सीएम के समक्ष रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वीकृति दे दी। अब राज्य सरकार की ओर से परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों को सीधे एक करोड़ रुपए अतिरिक्त राशि मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि जून 2022 से पहले यह राशि केवल 30 लाख रुपए थी। 10 जून 2022 को राज्य कैबिनेट ने इसे बढ़ाकर 50 लाख किया था, और अब 2025 में यह 1.5 करोड़ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा,
> “हमारे देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान के कारण सुरक्षित हैं। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग व सेवा का सम्मान करे। उत्तराखंड वीरभूमि है, जिसने देश को अनगिनत बहादुर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।”
बता दें कि 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 जवानों ने वीरगति प्राप्त की थी। भारतीय सेना ने 26 जुलाई को कारगिल की चोटियों से दुश्मन को खदेड़ते हुए ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। तभी से इस दिन को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।



