काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड में अर्बन नक्सल जैसी देशविरोधी विचारधाराओं को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राज्य की शांति और विकास को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार और जनता मिलकर इन प्रयासों को विफल करेंगे।
सीएम ने बताया कि ‘ऑपरेशन कालजयी’ के तहत 6000 से अधिक ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है जो धार्मिक और सामाजिक व्यवस्था को भड़काने में संलिप्त थे। अवैध रूप से संचालित मदरसे और गैरकानूनी संस्थानों को बंद करने के भी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार और सेवा की परंपरा है। काशीपुर का यह नया जिला कार्यालय संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा का केंद्र बनेगा। सीएम ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड को शांति, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भूमि कहा जाता है, और यहां अराजक और देशविरोधी विचारों को कोई जगह नहीं मिलेगी।



