बीएसएफ जवान की पत्नी से टैक्स और बर्खास्तगी की धमकी देकर आठ लाख की साइबर ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Share the news

सितारगंज। उधम सिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में साइबर ठगों ने बीएसएफ जवान की पत्नी को झांसे और धमकी देकर आठ लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शक्तिफार्म के गांव पिपलिया निवासी हरविंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति गुरदेव सिंह बीएसएफ में तैनात हैं। 18 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अधिकारी बताते हुए 95 हजार रुपये टैक्स भुगतान करने को कहा। अचानक आई कॉल और कानूनी कार्रवाई के डर से उन्होंने हड़बड़ी में 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद साइबर ठग गिरोह ने अलग-अलग नंबरों से लगातार कॉल कर उन्हें और उनके पति को बीएसएफ से बर्खास्त कराने तथा सीबीआई जांच कराने की धमकी दी। आरोप है कि मानसिक दबाव और डर के कारण उन्होंने 24 दिसंबर 2025 तक ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में कुल आठ लाख रुपये जमा करा दिए।

कुछ समय बाद जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने कोतवाली सितारगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *