रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी उधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के निर्देश पर भाजपा युवा मोर्चा ने कड़ा कदम उठाया है। भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष रजत दीक्षित के खिलाफ लंबे समय से अनुशासनहीनता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पार्टी संगठन ने कार्रवाई करते हुए रजत दीक्षित को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। यही नहीं, उनकी सक्रिय सदस्यता भी रद्द कर दी गई है।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शशांक बिष्ट ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का ढांचा पूरी तरह अनुशासन और संगठन की मजबूती पर आधारित है। ऐसे में किसी भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी द्वारा पार्टी की मर्यादा तोड़ने पर कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।



