पौड़ी। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। बावजूद इसके कुछ लोग नियमों की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं। गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक निजी शिक्षण संस्थान द्वारा एंबुलेंस लिखे वाहन में बच्चों को रोजाना लाने-ले जाने का काम किया जा रहा था।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर लापरवाही की शिकायत परिवहन विभाग से की। शिकायत मिलने पर विभाग की टीम ने तत्काल जांच कर वाहन को सीज कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एंबुलेंस का उपयोग केवल चिकित्सीय आपात स्थिति में ही किया जा सकता है, न कि छात्रों के परिवहन के लिए।
जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन वास्तव में एंबुलेंस के रूप में पंजीकृत था, लेकिन उसे स्कूल वैन की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग ने वाहन स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की है।
संभागीय परिवहन अधिकारी पौड़ी विमल पांडे ने कहा कि जनहित और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने सभी वाहन स्वामियों को चेतावनी दी कि भविष्य में नियमविरुद्ध वाहन संचालन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिवहन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से उन लोगों में हड़कंप मचा है जो नियमों की अनदेखी कर वाहन का दुरुपयोग कर रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करें।



