भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंगलवार(9 जनवरी) को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अर्जुन अवॉर्ड और बैडमिंटन खिलाड़ियों चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शमी को मिलाकर कुल 26 ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्हे अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया।
बैडमिंटन खिलाड़ियों चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को 2023 में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया। उन्होंने 2023 में एशियन गेम्स में अपना और बैडमिंटन में देश का पहला गोल्ड मेडल जीता. इसके अलावा एशियाई चैंपियनशिप और इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 का खिताब भी जीता. यह पुरुष जोड़ी वर्तमान में मलेशिया ओपन सुपर 1000 में खेल रही है और इसलिए समारोह में शामिल नहीं हुई. हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आम तौर पर 29 अगस्त को होने वाले खेल पुरस्कार समारोह को पिछले साल 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक हुए हांगझोउ एशियाई खेलों के कारण स्थगित कर दिया गया था।
ग्रैंडमास्टर वैशाली को भी अर्जुन अवॉर्ड
हाल में शतरंज ग्रैंडमास्टर बनीं आर वैशाली को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वह स्टार ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद की बड़ी बहन हैं. कोनेरू हम्पी और द्रोणावल्ली हरिका के बाद ग्रैंडमास्टर बनने वाली वैशाली देश की तीसरी महिला खिलाड़ी हैं. युवा स्टार पिस्टल निशानेबाज 19 वर्षीय ईशा सिंह भी जकार्ता में एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में हिस्सा लेने के कारण समारोह के लिए नहीं पहुंच सकीं. उन्होंने सोमवार को 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।
इन्हें’भी मिला अर्जुन अवॉर्ड
इस वर्ष अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए अन्य दिग्गज खिलाड़ियों में पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन और पिछले साल सीनियर चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पहलवान अंतिम पंघाल, पिछले साल विश्व चैंपियनशिप के कांस्य विजेता मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन और पैरा तीरंदाज शीतल देवी शामिल थे. हांगझोउ एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली शीतल के फोकोमेलिया नामक एक दुर्लभ बीमारी के कारण दोनों हाथ नहीं हैं. वह दोनों हाथों के बिना तीरंदाजी करने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाज हैं।
सम्मानित खिलाड़ियों की लिस्ट
- तीरंदाजी -ओजस प्रवीण देवताले, अदिति गोपीचंद स्वामी
- एथलेटिक्स – मुरली श्रीशंकर, पारुल चौधरी
- मुक्केबाजी- मोहम्मद हुसामुद्दीन
- शतरंज – आर वैशाली
- क्रिकेट – मोहम्मद शमी
- घुड़सवारी – अनुश अग्रवाल, दिव्यकृति सिंह
- गोल्फ – दीक्षा डागर
- हॉकी – कृष्ण बहादुर पाठक, सुशीला चानू
- कबड्डी – पवन कुमार, रितु नेगी
- खो-खो – नसरीन
- लॉन बॉल्स – पिंकी
- निशानेबाजी – ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, ईशा सिंह
- स्क्वाश – हरिंदर पाल सिंह संधू
- टेबल टेनिस – अयहिका मुखर्जी,
- कुश्ती – सुनील कुमार, अंतिम पंघाल
- वुशु – नाओरेम रोशिबिना देवी
- पैरा तीरंदाजी – शीतल देवी
- दृष्टिबाधित क्रिकेट – इलूरी अजय कुमार रेड्डी
- पैरा कैनोइंग – प्राची यादव