उत्तराखंड के बागेश्वर में उत्तरायणी मेले के दौरान तंदूरी रोटी को अशुद्ध करने का मामला सामने आया है। बागेश्वर पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
बागेश्वर पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में यूपी के रामपुर निवासी आमिर (30) और फिरासत (25) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी विशेष समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उनके खिलाफ 196(1)/274/299 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाया गया है कि तंदूरी रोटियों को कथित रूप से अशुद्ध किया गया था। इस घटना ने स्थानीय जनता में आक्रोश फैला दिया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
सीएम धामी की प्रतिक्रिया:
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में एक जनसभा के दौरान इस मामले का जिक्र करते हुए कहा, “मैंने बागेश्वर का वीडियो देखा है। देवभूमि की शुद्धता और स्वच्छता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे घृणित कृत्यों को कतई सहन नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है और आगे भी की जाएगी।”
यह घटना मसूरी में चाय को कथित रूप से अशुद्ध करने के मामले के बाद सामने आई है। इन मामलों ने राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द और स्वच्छता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
बागेश्वर पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय जनता ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और राज्य सरकार से और भी सख्त कदम उठाने की मांग की है।




