SSP अजय गणपति का एक्शन: ₹6.70 करोड़ पर कुर्की, पुष्कर सिंह धामी के नशामुक्त मिशन में तस्करों की कमर तोड़ने की बड़ी कार्रवाई

Share the news

ऊधमसिंहनगर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, ₹6.70 करोड़ की संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू

रुद्रपुर। उत्तराखंड में “नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में पुष्कर सिंह धामी सरकार के निर्देशों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। अजय गणपति के नेतृत्व में जनपद पुलिस नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार कर रही है। इसी क्रम में दो बड़े तस्करों की करीब ₹6.70 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पहले प्रकरण में थाना पुलभट्टा क्षेत्र के कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की लगभग ₹3.70 करोड़ की संपत्ति को चिन्हित किया गया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में चेकिंग के दौरान रिफाकत ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1060 ग्राम स्मैक और अवैध हथियार बरामद हुए थे। जांच में सामने आया कि उसने नशा तस्करी के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है, जिसे अब NDPS Act के तहत कुर्क किया जाएगा।

दूसरे प्रकरण में गांजा तस्करी के सरगना संजय गुप्ता की करीब ₹3 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई की जा रही है। अप्रैल 2025 में भारी मात्रा में गांजा बरामदगी के बाद जांच में उसका नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। पुलिस के मुताबिक वह अन्य राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था और संपत्ति दूसरों के नाम पर बनाता था।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनकी अवैध कमाई को जब्त किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत साझा करें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *