प्लेटिंग फैक्ट्री में हादसा, महिला कर्मी की दो उंगलियां कटकर अलग हुईं

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक महिला कर्मचारी की दो उंगलियां मशीन में फंसकर कट गईं। घायल महिला ने फैक्ट्री मालिक पर इलाज और मुआवजा न देने का आरोप लगाया है।

 

नई बस्ती फुलसुगां निवासी सपना कश्यप पत्नी संदीप ने थाना ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर बताया कि वह वार्ड नंबर 01 फुलसुगां स्थित नौशाद प्लेटिंग प्लांट में कार्य करती थीं। 22 सितंबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे मशीन पर काम करते समय अचानक मशीन की डाई उनके बाएं हाथ की दो उंगलियों पर गिर गई, जिससे दोनों उंगलियां कट गईं।

 

सपना के अनुसार, हादसे के बाद मालिक नौशाद उन्हें पास के मेडिकल स्टोर पर ले गया, जहां प्राथमिक उपचार करवाया गया, लेकिन इसके बाद उसने इलाज कराने और मुआवजा देने से इंकार कर दिया। नौशाद ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं, वह जहां चाहे शिकायत कर सकती है।

 

पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *