संदिग्ध हालात में नशे में धुत युवक की मौत हो गई। उसकी लाश ट्रांजिट कैंप में नाले में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के शरीर में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। वह सुबह लोगों से रोटी मांग रहा था, जब बाद में लोगों ने उसे देखा तो वह मुंह के बल नाले में गिरा हुआ था। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही उसकी मौत के कारणों की पुष्टि होगी। बुधवार सुबह ट्रांजिट कैंप में एक नाले में 35 वर्षीय व्यक्ति को लोगों ने मुंह के बल नाले में गिरा हुआ देखा। यह देख मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। इस पर सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाल मोहन पांडे पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। इस दौरान आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि सुबह सात बजे वह नशे में धुत था और मोहल्ले में लोगों से खाने के लिए रोटी मांग रहा था। बाद में वह नाले में मुंह के बल गिरा हुआ मिला। इस पर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने उसके कपड़ों की भी तलाशी ली लेकिन कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाल मोहन पांडे ने बताया कि मृतक के शरीर में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है, इसके लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ ही अन्य थाना पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही उसकी मौत के कारणों का पता चलेगा।




