दिनेशपुर। ग्राम बसंतीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 54 वर्षीय महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। महिला रसोई में काम कर रही थी, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। बसंतीपुर निवासी विकास अधिकारी की पत्नी शांति अधिकारी रोज की तरह रसोईघर में काम कर रही थीं, जब जहरीले सांप ने उनके सीधे हाथ में काट लिया। उनकी चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक शांति बेहोश हो चुकी थीं।
परिजन उन्हें तुरंत बाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने तक महिला की हार्टबीट और पल्स दोनों बंद हो चुकी थीं।
इस हादसे के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सांपों से सतर्क रहने और ज़रूरत पड़ने पर समय से उपचार कराने की अपील की है।