रुद्रपुर में किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में लटका मिला शव; रोशनदान तोड़कर परिजनों ने उतारा, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी

Share the news

रुद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के तीनपानी डाम मार्ट के सामने वार्ड नंबर-01 में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 5:36 बजे जिला चिकित्सालय से डीसीआर के माध्यम से ब्रॉड डेड मैमो प्राप्त हुआ, जिसमें रेनू भारद्वाज पुत्री संजय भारद्वाज (15) निवासी वार्ड नंबर-01 तीनपानी डाम मार्ट के सामने, ट्रांजिट कैंप की मृत्यु की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जिला चिकित्सालय पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

मृतका की बड़ी बहन पूजा देवी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो-तीन महीनों से अपने पिता के साथ उसी मकान में रह रही है। घटना के समय घर में वह और उसकी छोटी बहन रेनू ही मौजूद थीं। शाम करीब चार बजे जब वह अपने कमरे से निकलकर रेनू के कमरे के पास गई तो कमरा अंदर से बंद था। शक होने पर उसने ऊपर रोशनदान से देखा तो रेनू पंखे से चुन्नी के फंदे से लटकी हुई थी।

शोर मचाने पर मकान की तीसरी मंजिल पर किराए पर रहने वाला युवक राजू कुमार और मृतका का भाई दीपक भारद्वाज भी मौके पर पहुंच गए। रोशनदान तोड़कर कमरे की चिटकनी खोली गई और रेनू को नीचे उतारकर उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *