रुद्रपुर। सामिया लेक सिटी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कॉलोनी गेट पर खड़े वाहनों में पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मियों के विरोध करने पर उसने मारपीट कर उनकी वर्दी उतरवा दी। मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सामिया लेक सिटी निवासी रवि यादव गेट पर पहुंचा और वाहनों पर पेट्रोल डालने लगा। सुरक्षा कर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। हंगामा सुनकर कॉलोनीवासी एकत्र हो गए, तब रवि मौके से फरार हो गया।
कॉलोनी निवासियों का आरोप है कि रवि यादव कुछ दिन पहले रुद्रपुर कोतवाली पुलिस द्वारा तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा उसने कॉलोनी निवासी रितु राजपूत के घर में घुसकर छेड़छाड़ भी की थी। पीड़िता द्वारा पुलिस में शिकायत करने के बाद उसने जान से मारने की धमकी दी थी।
बताया जा रहा है कि रंजिश के चलते ही उसने यह करतूत की।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कॉलोनी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।



