स्कूल जा रहे छात्र को खनन सामग्री से भरे ट्रक ने मारी टक्कर, 12 वर्षीय युवराज गंभीर घायल, चालक फरार, सड़क पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध की उठी मांग

Share the news

रूद्रपुर।

आज प्रातः गंगापुर मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साईकिल से स्कूल जा रहे एक छात्र को खनन सामग्री से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी साईकिल ट्रक के टायरों के नीचे आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या एक निवासी करीब 12 वर्षीय युवराज पुत्र धर्मेंद्र, गंगापुर मार्ग स्थित सेंट मैरी स्कूल का छात्र है। वह रोज की तरह आज भी साईकिल पर सवार होकर घर से स्कूल के लिए निकला था। जैसे ही वह तीन पानी डाम के पास पहुंचा, तभी खनन सामग्री लेकर आ रहे ट्रक संख्या यूके 06 सीबी 3103 के अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवराज साईकिल समेत ट्रक के नीचे आ गया।

 

हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

 

सूचना मिलने पर पार्षद पवन राणा एवं पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। वहीं, घायल छात्र के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

पार्षद पवन राणा ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बताया जा रहा है कि छात्र युवराज के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *