शहर के प्रतिष्ठित युवा उद्योगपति ध्रुव मुंजाल को उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन की कार्यकारिणी में सदस्य नियुक्त किया गया है। यही नहीं, उन्हें उत्तराखंड हॉकी संघ का अध्यक्ष भी निर्विरोध चुना गया है।
ध्रुव मुंजाल ने इस नई जिम्मेदारी के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी देश का राष्ट्रीय खेल है और राज्य के युवाओं को आगे लाने के लिए वे जमीनी स्तर पर विशेष प्रयास करेंगे।
उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन, जो कि भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त है, उसकी वार्षिक आमसभा में आगामी चार वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें महेश नेगी को एसोसिएशन का अध्यक्ष और डॉ. डी.के. सिंह को महासचिव नियुक्त किया गया।
ध्रुव मुंजाल की इस नियुक्ति को खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सक्रिय भागीदारी को देखते हुए एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में इस खबर के बाद खुशी की लहर है।
आपको बता दें कि ध्रुव मुंजाल स्वयं भी एक सक्रिय खिलाड़ी रहे हैं और समय-समय पर विभिन्न खेल आयोजनों में भाग लेते रहे हैं। बीते वर्ष एमेनीटी स्कूल में आयोजित एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उनकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था।
इस चुनाव प्रक्रिया में भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में सहयोग दिया।
ध्रुव मुंजाल की नियुक्ति से उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तराखंड में हॉकी समेत अन्य खेलों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।