काशीपुर/बाजपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक युवक से 2.77 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुबई का फर्जी टिकट और टूरिस्ट वीजा देकर युवक को भेजा गया, लेकिन एयरपोर्ट पर टिकट और दुबई पहुंचने पर वीजा भी फर्जी निकला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम जोगीपुरा, तहसील बाजपुर निवासी रोहित कुमार पुत्र गोपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि काशीपुर के कलश मंडप रोड पर खुशदीप सिंह की दुकान है। इससे पहले भी खुशदीप सिंह पर बाजपुर दौरा से रुद्रपुर रोड के आरसल-पारसल फार्म में बड़े पैमाने पर ठगी करने के आरोप लग चुके हैं।
रोहित ने बताया कि खुशदीप ने उसे दुबई में परफ्यूम कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का लालच दिया। इसके बदले उसने 2 लाख 77 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने 1,68,800 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 1,30,000 रुपये नकद दे दिए। इसके बदले आरोपित ने उसे दुबई का टिकट और टूरिस्ट वीजा थमा दिया।
जब रोहित एयरपोर्ट पहुंचा तो टिकट फर्जी निकला। मजबूर होकर उसने अपनी जेब से दूसरा टिकट खरीदा और दुबई रवाना हुआ। लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि वीजा भी फर्जी है, जिसके चलते उसे वापस भारत भेज दिया गया। रोहित का कहना है कि इससे उसे आर्थिक, मानसिक और सामाजिक क्षति हुई।
रुपये वापस मांगने पर खुशदीप टालमटोल करता रहा। 13 अगस्त 2025 को उसने साफ इनकार कर दिया और धमकी भी दी। शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया, जहां आरोपित ने 22 अगस्त तक रकम लौटाने की सहमति दी, लेकिन बाद में उसने न तो पैसे लौटाए बल्कि पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया।
पुलिस ने अब खुशदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है।



