काशीपुर। आईटीआई थाना पुलिस ने एक वकालत के छात्र को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल 32 बोर, दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद असलहों की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार पैगा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, एसएसआई सोमवीर सिंह, कांस्टेबल योगेश चौधरी और दिनेश तिवारी तीन नवंबर की शाम गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति अवैध पिस्टल व तमंचे बेचने के लिए शिवलालपुर अमरझंडा रोड पर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को दबोच लिया। उसकी पहचान मोहम्मद आलिम निवासी ग्राम बांसखेड़ा कलां के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद हुए।
पूछताछ में आलिम ने बताया कि वह वकालत का छात्र है और नशे का आदी है। असलहे उसे गांव के ही मोहम्मद कासिम ने दिए थे, जो अवैध हथियार बेचने का काम करता है। आलिम ने बताया कि वह असलहे ग्राहकों तक पहुंचाने के एवज में 1500 से 2000 रुपये तक पाता है। वह इन्हीं पैसों से नशे की पूर्ति करता है।
सीओ दीपक सिंह और आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आलिम के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं फरार मोहम्मद कासिम की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।




