सचिवालय से एक किलोमीटर दूर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, तिब्बती मार्केट में युवक की हत्या; कैबिनेट बैठक के बीच गूंजी गोलियां, राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Share the news

देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर। सचिवालय में जहां एक ओर प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक चल रही थी, वहीं उससे महज एक किलोमीटर दूर तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूटी सवार दो युवक तिब्बती मार्केट पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने फल खरीद रहे करीब 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा पर नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अर्जुन शर्मा को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे।

घटनास्थल राजधानी का बेहद संवेदनशील और वीवीआईपी मूवमेंट वाला इलाका है। पास में ही सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और प्रेस क्लब स्थित हैं। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

घटना की गूंज सचिवालय तक पहुंची, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को सख्त निर्देश दिए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। शहरभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

फिलहाल पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी है। लेकिन लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर राजधानी में अपराधियों पर लगाम कब लगेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *