दिल दहला देने वाली घटना, पति ने पत्नी की हत्या कर की खुदकुशी..

Share the news

हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालपुर वसंत कुंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पहले पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। घटना की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छत के रास्ते घर में दाखिल हुए पुलिसकर्मियों को एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। जब वे नीचे कमरे में पहुंचे तो महिला का शव खून से लथपथ हालत में बेड पर पड़ा था।

महिला के सिर पर डंडे और सरिए के गहरे निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक पति ई-रिक्शा चालक था और मामूली कहासुनी के बाद उसने पत्नी की हत्या कर आत्महत्या कर ली।

सीओ सिटी के अनुसार, सोमवार देर रात महिला ने अपनी एक परिचित महिला को फोन कर उसके घर आने की बात कही थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। पुलिस को संदेह है कि पति-पत्नी के बीच संतान को लेकर भी विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ सिटी:

“मौके पर पहुंचने पर घर अंदर से बंद था। छत से घर में प्रवेश किया गया। ऊपर पति का शव मिला और नीचे कमरे में महिला की लाश पाई गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। प्रथम दृष्टया यह घरेलू विवाद का मामला लग रहा है। जांच की जा रही है।”

घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा है और स्थानीय लोग इस घटना से सकते में हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *