ध्वनि प्रदूषण पर कड़ा प्रहार, प्रशासन की सख्ती से शहर के धार्मिक स्थलों पर तय सीमा से अधिक बज रहे लाउडस्पीकर हटाए गए

Share the news

रूद्रपुर। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन को लेकर नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की गई। जांच में जहां निर्धारित डेसिबल से अधिक ध्वनि पाई गई, वहां लाउडस्पीकर उतरवाए गए और संबंधित प्रबंधन को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

 

बताया गया कि बीते कुछ समय से नगर क्षेत्र के कई वार्डों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ धार्मिक स्थलों पर मानकों के विपरीत तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार अत्यधिक शोर से स्कूली बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों को परेशानी हो रही थी। इन शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने खेड़ा, सीरगोटिया और पहाड़गंज क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान जहां भी ध्वनि सीमा से अधिक पाई गई, वहां मौके पर ही लाउडस्पीकर हटवाए गए। टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित धार्मिक स्थलों को पूर्व में भी नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद मानकों का पालन नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने दोहराया कि यह अभियान किसी धर्म विशेष के विरुद्ध नहीं है, बल्कि ध्वनि प्रदूषण रोकने और नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *