रामनगर-बाजपुर मार्ग सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना। बैलपड़ाव क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के खताड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय शरीफ पुत्र जलील अपनी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे मोहम्मद साद के साथ किसी काम से बाजपुर आए थे। लौटते समय उनकी बाइक सामने से आ रही बाजपुर के खंबारी गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज पुत्र धर्म सिंह की बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शरीफ और सूरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि मासूम मोहम्मद साद की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैलपड़ाव क्षेत्र में सड़क पर रोशनी और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।



