झूला झूलते समय चेन टूटने से कक्षा पांच की छात्रा गंभीर घायल, हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती, ऑपरेशन की तैयारी, छात्रावास की सुरक्षा पर उठे सवाल

Share the news

किच्छा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां झूला झूलते समय लोहे की चेन निकलने से कक्षा पांच की एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा का उपचार हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में जारी है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसका ऑपरेशन किया जाना है।

 

जानकारी के मुताबिक किच्छा की टीचर कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय हेमा राजकीय प्राथमिक विद्यालय गदरपुर द्वितीय में कक्षा पांच की छात्रा है। हेमा के माता-पिता नहीं हैं और वह विद्यालय के समीप बने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही है।

 

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब दस बजे हेमा छात्रावास परिसर में लगे झूले पर झूल रही थी। इसी दौरान अचानक झूले की लोहे की चेन खुल गई, जिससे वह नीचे गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत वार्डन रेनू को इसकी सूचना दी।

 

रविवार अवकाश होने के कारण वार्डन रेनू स्वयं अपने वाहन से हेमा को एक निजी अस्पताल लेकर गईं, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं वार्डन की सूचना पर किच्छा से हेमा की चचेरी बहन भावना और भाई स्वतंत्र कुमार भी छात्रावास पहुंच गए।

 

सोमवार को छात्रा की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बेहतर उपचार की सलाह देते हुए हेमा को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।

 

घटना के बाद छात्रावास परिसर में लगे खेल उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *