काशीपुर। कुंडेश्वरी में आईआईएम रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से फैक्टरी के सिक्योरिटी गार्ड की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मृतक का शव कुंडेश्वरी चौक पर रखकर जाम लगा दिया। वाहन चालक की गिरफ्तारी और हादसे के खुलासे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों के जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
ग्राम हरीनगर ढकिया निवासी चंद्रशेखर उर्फ भोला (38) पुत्र हरीश कुमार पिछले पांच वर्षों से आईआईएम रोड स्थित एक फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। मंगलवार रात करीब 9:40 बजे ड्यूटी खत्म कर वह घर लौट रहा था। इसी दौरान दवा फैक्टरी के पास गलत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर कुंडेश्वरी चौक पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मृतक के भाई प्रेम शर्मा ने आरोप लगाया कि हादसे के 15 घंटे बाद भी पुलिस वाहन चालक का पता नहीं लगा सकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तक नहीं खंगाली गई है। परिजनों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना पर नेता प्रतिपक्ष के प्रतिनिधि डीडी जोशी, राकेश मोहन लखेड़ा और बीडीसी सदस्य रोहित समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। एसएसआई नवीन बुधानी ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद कुंडा कोतवाल धीरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। सीओ प्रशांत कुमार ने हादसे की गहनता से जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे पुत्र आर्यन व अंकुश को छोड़ गया है।
