सड़क हादसे में जान गंवाने वाले महेंद्र के परिवार को मिलेगा 11.50 लाख मुआवजा, बीमा कंपनी को छह सप्ताह में जमा करनी होगी धनराशि..

अदालत में आपसी समझौते से निस्तारित हुआ दावा

 

काशीपुर। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले महेंद्र सिंह के परिवार को आखिरकार आर्थिक राहत मिली है। मोटरयान दुर्घटना दावा अधिकरण, ऊधम सिंह नगर की पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम अपर जिला न्यायाधीश दीपाली शर्मा की अदालत ने बीमा कंपनी और मृतक के परिजनों के बीच हुए आपसी समझौते के आधार पर दावा याचिका का निस्तारण कर दिया। समझौते के तहत बीमा कंपनी मृतक के परिजनों को 11 लाख 50 हजार रुपये प्रतिकर के रूप में देगी।

 

मामला सात दिसंबर 2024 का है। बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र में स्योहारा-कांठ मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के सामने दोपहर करीब 12:30 बजे हुए सड़क हादसे में महेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद मृतक की पत्नी अंजू और अन्य परिजनों ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 166 के तहत अधिकरण में मुआवजे के लिए याचिका दायर की थी।

 

सुनवाई के दौरान मृतक के परिजनों और चोलामंडलम एमएस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिवक्ताओं ने आपसी सहमति से राजीनामा प्रपत्र अदालत में प्रस्तुत किया। दोनों पक्षों की सहमति की पुष्टि के बाद अदालत ने 11.50 लाख रुपये के समझौते पर दावा निस्तारित कर दिया।

 

आदेश के अनुसार, मुआवजे में से पुत्र रवि कुमार को 2.50 लाख, माता जावित्री देवी को एक लाख, पुत्री गीता को चार लाख और पत्नी अंजू को चार लाख रुपये मिलेंगे। बीमा कंपनी को छह सप्ताह के भीतर अधिकरण में धनराशि जमा करनी होगी। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर छह सप्ताह बाद से छह प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज भी देना होगा।