शराब तस्करी का ट्रक रोकने में कुचलकर थाना प्रभारी की मौत हरदा-नेमावर हाईवे पर चालक से हुई झूमाझटकी, भागने की कोशिश में ट्रक के पहिये के नीचे आए टीआई

देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने की कोशिश में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की जान चली गई। रविवार रात हरदा-नेमावर हाईवे पर शराब से भरे ट्रक को रोकने के दौरान चालक ने कथित तौर पर उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को कुछ दूरी पर खड़ा कर फरार हो गया। वहीं, ट्रक मालिक और शराब तस्करी के आरोपी कैरम सिंह को आलीराजपुर पुलिस ने बेहड़वा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, एसपी आदित्य मिश्रा को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा ट्रक इंदौर होते हुए गुजरात जाने वाला है। इसके बाद ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की गई थी। हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक पानी पीने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी मौके पर पहुंचे और चालक को नीचे उतरने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान चालक और थाना प्रभारी के बीच झूमाझटकी हो गई। आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए चालक ने ट्रक भगाने का प्रयास किया। इस दौरान थाना प्रभारी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी आदित्य मिश्रा रात करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में अवैध शराब भरी हुई थी। पुलिस अब शराब की मात्रा, उसके स्रोत और गुजरात तक पहुंचाने के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच में हरदा के राहुल जायसवाल और देवास के कुछ शराब तस्करों के नाम भी सामने आए हैं। थाना प्रभारी की मौत से पुलिस विभाग में शोक है।