मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचे दो आरोपी, आठ अवैध तमंचे बरामद, फायरिंग के बाद गन्ने के खेत में भागे, जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में लगी गोली

रुद्रपुर। दिनेशपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से आठ अवैध तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

 

पुलिस के मुताबिक, एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के तहत एसओजी रुद्रपुर और दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। शनिवार तड़के करीब दो बजे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनोज कुमार घायल हो गया। टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार और अनमोल यादव निवासी ग्राम चंदायन, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बदायूं के बिसौली निवासी महावीर से तमंचे लेने की बात बताई। वे प्रति तमंचा पांच हजार रुपये में खरीदकर आठ हजार रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। दिनेशपुर थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।