काशीपुर-रामनगर मार्ग के गड्ढों पर डीएम सख्त, तय समय में सड़क दुरुस्त करने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी، गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

काशीपुर। काशीपुर-रामनगर मार्ग पर बने गड्ढों को निर्धारित समयसीमा में भरने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मार्ग का औचक स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराने और सड़क को पूरी तरह गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में किए गए निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क की स्थिति देखी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर गड्ढों की मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

 

डीएम ने मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के साथ लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। सड़क की मरम्मत में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।