कार का लोन नहीं चुकाया तो वाहन वापस मांगने पर धमकी का आरोप, कार डीलर और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के खिलाफ दिनेशपुर थाने में मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। कार खरीदने के बाद उस पर चल रहे लोन की रकम जमा नहीं करने और वाहन वापस मांगने पर गाली-गलौज व गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। दिनेशपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार डीलर और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

दिनेशपुर के वार्ड नंबर तीन निवासी कृपालिनी राय पत्नी सनातन राय ने शुक्रवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी हुंडई वरना कार शम्पी कार बाजार के स्वामी चिराग अरोरा पुत्र संजीव अरोरा निवासी वार्ड नंबर चार भदईपुरा, रुद्रपुर और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कौशल विश्वास पुत्र किशोर विश्वास निवासी खानपुर, दिनेशपुर ने खरीदी थी।

 

शिकायतकर्ता के अनुसार, कार सौंपते समय दोनों आरोपियों ने वाहन पर चल रहे लोन की शेष रकम जमा करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि कार लेने के बाद उन्होंने लोन की किस्तें जमा नहीं कीं। काफी समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर कृपालिनी ने आरोपियों से लोन चुकाने अथवा कार वापस करने को कहा।

 

आरोप है कि इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। वाहन वापस मांगने पर आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

 

दिनेशपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों, दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।