टनकपुर। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। STF ने कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 244.06 ग्राम MDMA बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद MDMA की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। STF ने इसे वर्ष 2026 में उत्तराखंड में अब तक की सबसे बड़ी MDMA बरामदगी बताया है।
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर नशे की खेप के संबंध में सूचना जुटाई। सूचना की पुष्टि के बाद टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक के रूप में हुई है। तीनों रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से 244.06 ग्राम MDMA के अलावा एक TVS मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी STF
STF अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि MDMA कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच के जरिए नशे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्रवाई में ये टीमें रहीं शामिल
STF एंटी नारकोटिक्स टीम में निरीक्षक पावन स्वरूप, एसआई विपिन जोशी, एसआई विनोद जोशी, एसआई जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। टनकपुर पुलिस टीम में निरीक्षक चेतन रावत, एसआई जितेंद्र बिष्ट और हेड कांस्टेबल कमल कुमार शामिल रहे।
