रुद्रपुर। किराए पर दी गई आर्टिगा कार लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। कार मालिक ने दो लोगों पर करीब पांच महीने का किराया नहीं देने के साथ ही आरटीओ टैक्स और बीमा नहीं कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर पट्टी निवासी जाजिद हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई इरफान अली निवासी खेड़ा ने अपनी आर्टिगा कार 19 अक्टूबर को जाबिर अली को 32 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर दी थी। आरोप है कि जाबिर ने कार लेने के बाद करीब पांच महीने तक किराए का भुगतान नहीं किया। इस दौरान वाहन का आरटीओ टैक्स भी जमा नहीं कराया गया और बीमा भी नहीं कराया।
जाजिद का आरोप है कि सात अप्रैल 2026 को जाबिर अली मुरादाबाद क्षेत्र से कार लेकर परिवार समेत फरार हो गया। आरोप है कि नजाकत निवासी हिमगिरी कॉलोनी, गुलाब बाग, मुरादाबाद ने भी उसका साथ दिया। कार और आरोपितों की काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने जाबिर अली और नजाकत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस कार की तलाश के साथ दोनों आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
