सर्किट हाउस, स्टेडियम और वेंडिंग जोन समेत कई विकास कार्यों का ऐलान, आदि कैलाश-पंचाचूली यात्रियों को मिलेगी सुविधा

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क (सिटी पार्क) का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए छह बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पार्क के विस्तारीकरण, पार्क परिसर में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को शिफ्ट करने, खटीमा में स्टेडियम और क्रिया शाला निर्माण, आधुनिक सर्किट हाउस बनाने तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर खटीमा की महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति है। ऐसे में शहर में सर्किट हाउस बनने से यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने ऑक्सीजन पार्क के विस्तार और आवश्यक संसाधनों के लिए तत्काल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने पार्क का निरीक्षण किया और परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने ओपन जिम में व्यायाम उपकरण भी आजमाए। महिलाओं की सुविधा को देखते हुए पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग के दौर में हरित क्षेत्रों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आर्थिक विकास को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।