Big breking:: आधी रात निजी वाहन से हाईवे पर निकले एसएसपी, चेकिंग में लापरवाही पर 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड, औचक निरीक्षण में कई चेकिंग प्वाइंट खाली मिले,

Share the news

गलत लोकेशन बताने वाले चार पुलिसकर्मियों से भी मांगा स्पष्टीकरण

रुद्रपुर। जिले में पुलिस ड्यूटी के दौरान लापरवाही पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद हाईवे पर चल रही पुलिस चेकिंग की वास्तविक स्थिति परखने के लिए एसएसपी मंगलवार देर रात करीब 12 बजे निजी वाहन से स्वयं औचक निरीक्षण पर निकल पड़े। निरीक्षण के दौरान कई चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताकर गुमराह करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, 4 और 5 अगस्त की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पंतनगर क्षेत्र में सफेद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और वाहन काशीपुर की ओर गया है। सूचना मिलते ही पंतनगर से लेकर जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश दिए गए थे।

एसएसपी के निरीक्षण में महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानंदपुर हाईवे पर बनाए गए चेकिंग प्वाइंटों पर रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त पार्टी के कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने अपनी वास्तविक लोकेशन छिपाकर गलत जानकारी दी, जिससे चेकिंग व्यवस्था की गंभीर अनदेखी उजागर हुई।

इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *