महिला ने फांसी लगाई, पति ने युवक पर लगाया ब्लैकमेल का आरोप, बच्चों संग बाजार से लौटे पति ने कमरे में पंखे से लटका देखा शव..

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र की तपस्या विहार कॉलोनी में 36 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान दीक्षा सोलंकी (36) पत्नी योगेश सिंह सोलंकी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं और वर्तमान में तपस्या विहार कॉलोनी, गंगापुर रोड पर परिवार के साथ रह रही थीं। परिवार में पति योगेश सिंह सोलंकी, 14 वर्षीय बेटी आस्था और 10 वर्षीय बेटा युवराज हैं।

 

बताया गया कि रविवार दोपहर योगेश सिंह दोनों बच्चों को साथ लेकर बाजार सामान खरीदने गए थे। कुछ देर बाद जब वह घर लौटे तो पत्नी को आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में जाकर देखा तो दीक्षा चुन्नी के सहारे पंखे से लटकी हुई थीं। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पड़ोसियों की मदद से महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

 

मृतका के पति योगेश सिंह सोलंकी, जो कोटद्वार स्थित एक फार्मा कंपनी में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को पिछले कई दिनों से एक युवक लगातार फोन कर ब्लैकमेल कर रहा था। उनका कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने पति के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल रिकॉर्ड और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि ब्लैकमेल या आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *