रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

रुद्रपुर के गोलगेट रेलवे ट्रैक के पास रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर 24 वर्षीय धर्मवीर मौर्य पुत्र मढ़ई लाल निवासी ग्राम सियाठेरी, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।

परिजनों ने बताया कि धर्मवीर विवाहित था और उसका एक वर्ष का पुत्र है। वह जवाहरनगर क्षेत्र में एक प्लॉट पर कार्य करता था। इसके अलावा वह अपनी ससुराल के पास लीज पर भूमि लेकर खेतीबाड़ी और मजदूरी का काम भी करता था। परिवार के मुताबिक कुछ दिन पहले वह अपने पैतृक गांव गया था और करीब एक सप्ताह पूर्व ही वापस रुद्रपुर लौटा था।

घटना स्थल गोलगेट रेलवे फाटक से रेलवे स्टेशन की ओर लगभग 100 मीटर पहले बताया जा रहा है। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। परिजनों का कहना है कि धर्मवीर की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *