कैंची धाम मेले और UKSSSC परीक्षा के लिए रुद्रपुर में ट्रैफिक अलर्ट, सुबह 8 से रात 10 बजे तक भारी व पर्यटक वाहनों की नो-एंट्री, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू

कैंची धाम मेला, सोमवती अमावस्या और UKSSSC परीक्षा को लेकर रुद्रपुर में ट्रैफिक प्लान लागू

रुद्रपुर। कैंची धाम मेले, वीकेंड पर बढ़ने वाली पर्यटकों की भीड़, सोमवती अमावस्या स्नान और UKSSSC भर्ती परीक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 14 जून से रुद्रपुर शहर में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।

यातायात योजना के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले तथा नैनीताल, कैंची धाम, काशीपुर और किच्छा जाने वाले सभी वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। वहीं हरिद्वार और जसपुर से नैनीताल व कैंची धाम जाने वाले वाहन काशीपुर-रामनगर मार्ग से तथा मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहन बाजपुर दोराहा से कालाढूंगी होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

इसी प्रकार हरिद्वार, काशीपुर और गदरपुर से आने वाले वाहन जिन्हें किच्छा, बिलासपुर और रामपुर की ओर जाना है, उन्हें एमेनिटी स्कूल से रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। खटीमा और पीलीभीत क्षेत्र से नैनीताल व कैंची धाम जाने वाले वाहनों को सितारगंज-चोरगलिया मार्ग से भेजा जाएगा।

पुलिस ने बताया कि खटीमा, सितारगंज और किच्छा से रामपुर, बिलासपुर व काशीपुर जाने वाले वाहन राधास्वामी सत्संग मार्ग से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। वहीं हल्द्वानी, नैनीताल और कैंची धाम से हरिद्वार, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज और बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को पारले चौक सिडकुल से रिंग रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 14 जून को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक रुद्रपुर शहर में पर्यटक एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि यह व्यवस्था स्थानीय निजी वाहन चालकों पर लागू नहीं होगी। पुलिस ने आमजन से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।