गोल मार्केट की ऑटो वर्कशॉप में मिला 13 वर्षीय बाल श्रमिक, अभियान के दौरान श्रम विभाग की छापेमारी; संचालक पर मुकदमा दर्ज, बाल श्रम के खिलाफ सख्त कार्रवाई

Share the news

रुद्रपुर। बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत श्रम विभाग की टीम ने रुद्रपुर के गोल मार्केट स्थित एक ऑटो वर्कशॉप में कार्यरत 13 वर्षीय बाल श्रमिक को चिन्हित किया है। मामले में श्रम प्रवर्तन अधिकारी की तहरीर पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

 

जानकारी के अनुसार उप श्रम आयुक्त के निर्देश पर जिले में एक जून से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला टास्क फोर्स टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सिब्बल सिनेमा रोड स्थित मैसर्स वंश ऑटो में एक बालक को बाइक रिपेयरिंग और ऑटो पार्ट्स उठाने का कार्य करते हुए पाया गया।

 

श्रम विभाग के अनुसार बालक की पहचान कासिम (13 वर्ष) पुत्र अकरम, निवासी बहादुरगंज, तहसील बिलासपुर, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। टीम ने मौके पर सर्वेक्षण और निरीक्षण की कार्रवाई की। आरोप है कि प्रतिष्ठान संचालक ने न केवल बाल श्रमिक नियोजित किया बल्कि अपना नाम-पता और अन्य विवरण देने तथा सर्वेक्षण प्रपत्र पर हस्ताक्षर करने से भी इनकार कर दिया।

 

श्रम प्रवर्तन अधिकारी तन्मय पंत की ओर से कोतवाली रुद्रपुर में दी गई तहरीर के आधार पर प्रतिष्ठान के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986, संशोधित 2016 की धारा-14 के अंतर्गत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जिला प्रशासन और श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *