मेलोडी टॉफी बांट कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, पेट्रोल-डीजल कीमतों पर फूटा गुस्सा; डीडी चौक पर नारेबाजी, केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी

Share the news

रुद्रपुर। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने शहर के डीडी चौक पर अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और लोगों को मेलोडी टॉफी बांटकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पेट्रोलियम मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महज 10 दिनों के भीतर तेल कंपनियों द्वारा चार बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा चुके हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। उनका कहना था कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से खाद्य पदार्थों, किराना, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब सरकार ने जनता को राहत नहीं दी। अब तेल की कीमतें बढ़ते ही आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। नेताओं ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण हर वर्ग परेशान है और लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी नहीं की गई तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन में संजय जुनेजा, सौरभ राज बेहड़, गौरव खुराना, मोनिका ढाली, तरुण नेगी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *